सोलन।   राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल में आज मेजर जनरल के.पी. सिंह, विशिष्ट सेवा मेडल, ए.डी.जी मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और केन्द्र शासित चण्डीगढ़) अम्बाला की अध्यक्षता में एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। मेजर जनरल के.पी. सिंह ने देश की सुरक्षा में भारतीय सेना की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने सम्बोधन में नैतिक मूल्य और देशभक्ति के जज्बे पर विशेष बल दिया। साथ ही छात्र-छात्राओं को मिलिट्री स्कूल में उपलब्ध करवाई जा रही बेहतरीन सुविधाओं और अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित भी किया। भारतीय सेना में अधिकारी रैकों पर भर्ती होने के लिए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने इस आयोजन के लिए बधाई भी दी। भर्ती निदेशक शिमला, कर्नल पुष्विंदर कौर ने भी इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को सम्बोधित किया और उन्हें भारतीय सेना के अधिकारियों की देश के प्रति जिम्मेदारियों और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने भारतीय सेना में विभिन्न अधिकारी रैकों की भर्ती प्रक्रिया के बारे में भी छात्र-छात्राओं को अवगत करवाया। भर्ती निदेशक शिमला, कर्नल पुष्विंदर कौर, प्रशासनिक अधिकारी मेजर कपिल सलिमाठ और चायल स्कूल के प्रधानाचार्य वी.के. गंगवाल जैन द्वारा आयोजित इस प्रेरक व्याख्यान में कबीर 230 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।