लक्षित वर्गों तक समय पर पहुंचें योजनाओं के लाभ-डाॅ. सैजल विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर इस वर्ष खर्च किए जा रहे 56.58 करोड़ रुपए

सोलन। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ लक्षित वर्गों तक समय पर पहुंचाएं ताकि समाज के सभी वर्गों का एकसमान विकास सुनिश्चित हो सके। डाॅ. सैजल आज यहां जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डाॅ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए कल्याण शब्द का अर्थ अत्यन्त व्यापक एवं विस्तृत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों का समयबद्ध कल्याण सुनिश्चित बनाने के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी विभागों द्वारा अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इन योजनाओं के लाभ लक्षित वर्गों तक समय पर पहुंचाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का नियमित सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की संतुष्टि तभी सम्भव है जब प्रदेश का संतुलित विकास और समाज के कमजोर वर्गों का अपेक्षित आर्थिक उत्थान हो। उन्होंने सभी अधिकारियों का आह्वान किया कि वे आम जन के लाभ के लिए गांव-गांव तक पहुंचे।
आयुष मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण विकास की धीमी हुई गति को पुनः तेज़ करने के लिए प्रदेश सरकार अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा तथा आमजन के सहयोग से हिमाचल पुनः प्रगति के पथ पर तीव्र गति से अग्रसर हो रहा है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने उपनिदेशक शिक्षा को निर्देश दिए कि दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों की सूची सम्बन्धित विभाग को समय पर प्रेषित करें ताकि छात्रों को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा से सम्बन्धित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा योजनाओं से सम्बन्धित कैलेण्डर तैयार कर जागरूकता कार्यक्रम गांव-गांव तक आयोजित करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि सोलन जिला में वर्ष 2020-21 में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर लगभग 38.55 करोड़ रुपए व्यय किए गए। इस अवधि में सामाजिक सुरक्षा पैंशन के 33,927 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
वित्त वर्ष 2021-22 में सोलन जिला में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर 56.58 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बजट का आबंटन जनगणना के अनुरूप तहसीलवार किया गया है।
जिला में सामाजिक सुरक्षा पैंशन के तहत वर्तमान में वृद्धावस्था पैंशन, दिव्यांगता राहत भत्ता, विधवा अथवा परित्यकता पैंशन, एकल नारी पैंशन, कुष्ठ रोगी पुनर्वास भत्ता, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पैंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पैंशन एवं ट्रान्स जेंडर पैंशन प्रदान की जा रही हैं।
वित्त वर्ष 2021-22 में सोलन जिला में 35,906 सामाजिक सुरक्षा पैंशन धारकों को पैंशन उपलब्ध करवाई जा रही है।
बैठक में स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, अनुवर्ती कार्यक्रम, अन्तरजातीय विवाह योजना, दिव्यांग छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, राष्ट्रीय परिवार सहायता कार्यक्रम सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर सारगर्भित चर्चा की गई।
जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
अर्की के विधायक संजय अवस्थी, नगर निगम सोलन की महापौर पूनम ग्रोवर, नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा, उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
.0.

Get real time updates directly on you device, subscribe now.